एक लाख गांवों में एक करोड़ सदस्य बनाएगा भारतीय किसान संघ, देश भर में चल रहा महा सदस्यता अभियान
जबलपुर- भारतीय किसान संघ किसानों का देश का सबसे बड़ा संगठन है। इन दिनों किसान संघ का देशभर में महा सदस्यता अभियान चल रहा है। महासदस्यता अभियान में किसान संघ के कार्यकर्ता गांव गांव में घर घर जाकर किसानों व कृषि कार्यों से जुड़े समाज के विभिन्न वर्गो के लोगों को सदस्य बना रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को भारतीय किसान संघ के प्रांत संगठन मंत्री भरत पटेल ने अपने डिंडोरी जिले के प्रवास पर बैगा जनजाति क्षेत्र के ग्राम सिलपिड़ी, धुरकुटा, भुरसी, चाड़ा, बजाग, चुनपथरी, बैशाखू टोला, नवाटोला, मोहतरा आदि गांवों में भारतीय किसान संघ के सदस्यता अभियान में शामिल हुए।
बैगा जनजाति क्षेत्र में महासदस्यता अभियान के अंतर्गत मिलेट्स (श्रीअन्न) की ब्रांड एंबेसडर लहरी बाई और पद्मश्री से पुरुस्कृत अर्जुन सिंह धुर्वे को भारतीय किसान संघ का सदस्य बनाया। इस अवसर पर डिंडोरी के सैकड़ों किसानों ने किसान संघ की सदस्यता ग्रहण ली।
भारतीय किसान संघ के डिंडोरी जिलाध्यक्ष ने बताया कि यह वर्ष किसान संघ का सदस्यता वर्ष है। इस वर्ष देश भर में एक लाख गांवों में भारतीय किसान संघ ने एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। एक करोड़ सदस्य बनने के बाद भारतीय किसान संघ विश्व का सबसे बड़ा किसान संगठन होने का गौरव हासिल करेगा।
इस अवसर पर महासदस्यता अभियान मे प्रांत संगठन मंत्री भरत पटेल, जिलाध्यक्ष बिहारी लाल साहू, बजाग तहसील अध्यक्ष अखिलेश पटेरिया, कोषाध्यक्ष व सरपंच सुभाष करचाम, करंजिया विकास खण्ड अध्यक्ष आसाराम यादव, अनेक गांवों के ग्राम समिति अध्यक्ष व मंत्री सहित किसान बंधु उपस्थित रहे।
कौन है लहरी बाई
मध्य प्रदेश के आदिवासी जिला डिंडोरी की रहने वाली आदिवासी महिला लहरी बाई को मिलेट्स एंबेसडर घोषित किया गया है। यूनेस्को ने 2023 को ईयर ऑफ मिलेट्स घोषित किया है। इस लिहाज से लहरी बाई की यह उपलब्धि बेहद खास है।बैगा जनजाति की लहरी बाई ने बेवर बीज बैंक तैयार किया है। खास बात यह है कि उन्होंने अपने दम पर यह बीज बैंक तैयार किया है। उन्होंने इसके लिए कोई सरकारी मदद नहीं ली है। 150 से ज़्यादा वैरायटी के बीज लहरी बाई के बीज बैंक में हैं। वह सभी को बीज भी वितरित करती है।
कौन हैं अर्जुन धुर्वे
भारतीय राज्य मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के एक लोक नर्तक और एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं । वह बैगा लोक गीत और नृत्य को लोकप्रिय बनाने के लिए प्रसिद्ध हैं। बैगा परधौनी नृत्य बैगा जनजाति का प्रमुख नृत्य है। नृत्य के इस रूप में कलाकार मोर, हाथी, घोड़े आदि के मुखौटे पहनते हैं। वर्ष 2022 में, भारत सरकार ने कला के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट सेवा के लिए अर्जुन सिंह धुर्वे को पद्म पुरस्कारों की श्रृंखला में तीसरा सर्वोच्च पुरस्कार, पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया।